आवृत्ती पुणे
← Back to Homepage

धूमधाम से हुई ‘श्री सोनाणा खेतलाजी’ की प्राणप्रतिष्ठा

पुणे : मारवाड़ के आराध्य देव क्षेत्रपाल श्री सोनाणा खेतलाजी महाराज का भव्य मंदिर पहली बार पुणे में बना है। हांडेवाड़ी ट्रेड मार्केट में बने इस मंदिर का ‘प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव’ रविवार (12 अप्रैल) को धूमधाम से संपन्न हुआ। इस उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में न सिर्फ पुणे-मुंबई, बल्कि महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों एवं राजस्थान से भी लगभग 3,000 श्रद्धालु सम्मिलित हुए। संतोष रतनलाल जैन एवं परिवार द्वारा इस महोत्सव में शोभायात्रा, भजन संध्या, धार्मिक अनुष्ठान और महाप्रसादी का आयोजन किया गया।

हांडेवाड़ी ट्रेड मार्केट में बने इस मंदिर के ऐतिहासिक प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम पिछले कुछ दिनों से शुरू किए गए थे। 5 अप्रैल को यहां गणमान्यों की उपस्थिति में पत्रिका लेखन किया गया, साथ ही शनिवार (11 अप्रैल) को ज्योत आगमन, बरघोड़ा, सांझी गीत तथा मेहंदी कार्यक्रम हुए।

बैंड-बाजे और ढोली के साथ भगवान की दिव्य मंगल प्रवेश शोभायात्रा निकाली गई। प्राणप्रतिष्ठा का मुख्य समारोह रविवार (12 अप्रैल) को हुआ, जिसमें वेद मंत्रों और मंगलाचरण के साथ शास्त्रोक्त विधि-विधान के लिए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। इससे पूर्व तीन दिन तक चले होम-हवन कार्यक्रम का संचालन बड़ीदा से आए 8 पंडितों ने किया।

प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव में भक्तराज राजेंद्र शांतिलाल भंडारी की विशेष रूप से उपस्थिति रही। साथ ही राजस्थान की सुप्रसिद्ध गायिका आशा वैष्णव द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों का भी उपस्थित श्रद्धालुओं ने आनंद लिया।

कार्यक्रम में धार्मिक, सामाजिक, उद्योग-व्यापार समेत अन्य क्षेत्रों से कई गणमान्य मंदिर में दर्शन एवं शुभकामनाएं देने के लिए उपस्थित रहे। न सिर्फ पुणे, बल्कि राजस्थान से आए कई श्रद्धालुओं की यहां दर्शन के लिए सुबह से भीड़ लगी रही।

get_footer();