आवृत्ती पुणे
← Back to Homepage

दत्तनगर में भगवान महावीर जन्मकल्याणक पर भव्य वरघोड़ा

पुणे : दत्तनगर क्षेत्र में भगवान महावीर के 2625वें जन्मकल्याणक के अवसर पर आयोजित भव्य वरघोड़ा उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। आनंद दरबार की पावन भूमि पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर नगरसेवक संदीप बेलदरे, नगरसेविका स्मिता कोंढरे, नगरसेविका सीमा बेलदरे, नगरसेवक व्यंकोजी खोपड़े, पूर्व नगरसेवक युवराज बेलदरे, सामाजिक कार्यकर्ता रोहिदास चोरघे, दीपक बेलदरे, सूर्यकांत जेधे और शिवाजी काळोखे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मनोज सुराणा के निवास स्थान से वरघोड़े के प्रस्थान के साथ हुई। दत्तनगर चौक मार्ग से गुजरते हुए निकली इस शोभायात्रा में भगवान महावीर स्वामी के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक ध्वज और भक्तिमय संगीत ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इसके पश्चात आनंद दरबार में मुख्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया।

इस शिविर का लाभ बड़ी संख्या में नागरिकों ने उठाया। शिविर की सफलता में डॉ. अंकिता धोका, डॉ. संदेश शाह, डॉ. भूषण गंगवाल, डॉ. करिश्मा मुथ्था, डॉ. जय जाधव, डॉ. सिद्धार्थ सुखवानी और डॉ. महंतेश नाईक का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान महावीर पर आधारित गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, वहीं महावीर स्वामी के सिद्धांतों पर दिए गए प्रेरणादायक भाषणों ने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

संघ की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों का सम्मान भी किया गया। वरघोड़े के दौरान संघ के सदस्यों ने फुगड़ी खेलते हुए और भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए उत्सव को आनंदमय बना दिया।
नवकारशी के लिए योगिता उदय दुगड़ और सुजाता मनोज सुराणा का सहयोग प्राप्त हुआ, जबकि गौतम प्रसादी के लिए राजमाता आनंदीबाई रतनचंदजी धोका का विशेष योगदान रहा।

इस पूरे आयोजन का सफल संचालन आनंद सहयोग ग्रुप द्वारा किया गया। युवा अध्यक्ष अमित कोटेचा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निमंत्रक संस्था आनंद दरबार तथा श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, दत्तनगर, पुणे के अध्यक्ष बाळासाहेब धोका ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

get_footer();